
CRS NEWS रायबरेली: रायबरेली जिले के गोलहा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। युवक का शव उसकी ससुराल में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बृजेश के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पत्नी समेत चार ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा दिया।
परिजनों का आरोप है कि बृजेश की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। घटना से आक्रोशित परिवारजन और ग्रामीणों ने शव को घर पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










