
ऊंचाहार में सपा का जोरदार प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी और पेपर लीक पर सरकार को घेरा
ऊंचाहार। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने आज ऊंचाहार तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी सैनी उत्सव लॉन से पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की समस्याएं और क्षेत्र की बदहाल सड़कों को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और किसान सूखी नहरों व जर्जर सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे आम जनता में भारी नाराजगी है। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।









