
CRS NEWS : लालगंज/रायबरेली। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार देर रात खीरों-अतरहर मार्ग पर खजुरिहाबांध के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफ व्यवसायी को रोककर मारपीट की और उनके पास मौजूद आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन तथा तिजोरी की चाभी लूटकर फरार हो गए। घटना में सर्राफ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सर्राफ व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट का विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने सर्राफ को गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनके पास मौजूद कीमती आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन तथा तिजोरी की चाभी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायल सर्राफ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत चिंताजनक होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस पूरे दिन मामले को दबाने और घटना को कमतर दिखाने में लगी रही।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।










