
जल जीवन मिशन की लापरवाही से सड़क पर बह रहा पानी, लीकेज पाइप से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
रायबरेली। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा रामसांड़ा स्थित वाटिका ढाबा के पास जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में हुए लीकेज के कारण लंबे समय से सड़क पर पानी बह रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लगातार पानी बहने से सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है और बड़ी मात्रा में पेयजल भी व्यर्थ बह रहा है।
ग्रामीण राकेश गुप्ता, खिलावन मौर्य, संदीप सिंह एवं राजेश गुप्ता ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र पाइपलाइन की मरम्मत कराकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने तथा पेयजल की बर्बादी रोकने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए कब तक आवश्यक कार्रवाई करता है।










