
बंजर भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई का आरोप, ग्राम प्रधान के खिलाफ थाना दिवस में शिकायत
रायबरेली। डलमऊ तहसील क्षेत्र के नेवलगंज मजरे कीरतपुर चारूहार निवासी दिलीप कुमार एवं राजेश कुमार ने शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान पर बंजर भूमि पर लगे पेड़ों को अवैध रूप से कटवाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, गाटा संख्या 258/401 (बंजर भूमि) पर उनके पूर्वजों द्वारा वर्षों पहले पेड़ लगाए गए थे तथा खेतों की सिंचाई के लिए एक कुएं का भी निर्माण कराया गया था। उनका कहना है कि वर्ष 1970 में चकबंदी के दौरान उक्त भूमि को बंजर घोषित कर दिया गया था, लेकिन उस पर लगे पेड़ों की देखभाल उनके परिवार द्वारा ही की जाती रही है।
पीड़ितों का आरोप है कि ग्राम प्रधान बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया एवं नीलामी के उक्त पेड़ों को जबरन कटवा रहे हैं। मामले की शिकायत थाना समाधान दिवस में की गई है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि बंजर भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई नियमों के विपरीत या अवैध रूप से कराई गई है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










