शाहजहांपुर में एनडीआरएफ ने ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण।


शाहजहांपुर। मानसून पूर्व तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के तहत हनुमतधाम आश्रय स्थल पर तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम लगातार सामुदायिक जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम चला रही है। इसी क्रम में सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम 8M ने विकासखंड भावलखेड़ा के ग्राम घूसगावन में आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार (First Aid) विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों को रक्तस्राव रोकने के तरीके, स्प्लिंटिंग (Splinting), सीपीआर (CPR), श्वासनली में अवरोध (FBAO) की स्थिति में बचाव, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी तकनीक, बाढ़ के दौरान उपयोग किए जाने वाले अस्थायी तैरन उपकरण (Flood Improvised Devices) तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही एनडीआरएफ टीम ने इन सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया, जिससे ग्रामीणों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण मिल सके।
कार्यक्रम में लेखपाल मदनपाल सहित क्षेत्र के ग्रामीण एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने एनडीआरएफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीणों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपदा की स्थिति में प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responder) के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











