12 जुलाई को शाहजहांपुर में होगा वृक्षारोपण महायज्ञ, सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा अभियान।
शाहजहांपुर, 7 जुलाई। जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और आपसी समन्वय के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पूरे जनपद में पौधों का वितरण और वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान के तहत ऊर्जावन, समरस वन और अविरल धारा वन जैसी विभिन्न थीम आधारित वनों का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित नोडल अधिकारी से तत्काल संपर्क कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बंडा, पुवायां, सिंधौली, भावलखेड़ा, ददरौल, कांट, मदनापुर, जलालाबाद, मिर्जापुर, तिलहर, खुदागंज और निगोही विकास खंडों सहित नगर निकायों में प्रस्तावित वृक्षारोपण स्थलों की तैयारियों की समीक्षा की गई। पौधों की संख्या, स्थान और व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी पौधरोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई समय से पूरी करने और पौधों के उठान से जुड़े सभी कार्य तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए, जिससे वृक्षारोपण की प्रभावी मॉनिटरिंग और पौधों के संरक्षण की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











