
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के लिए पत्नी से रुपये न मिलने पर एक व्यक्ति ने अपने ही दो मासूम बेटों को जहर देकर मारने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने अरहर की दाल में जहरीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाने के बाद दोनों बच्चों की हालत बिगड़ गई। समय रहते उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
मामला गुनावर कमंगलपुर गांव का है। पीड़िता सोहिनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति सुरेश पासी शराब का आदी है और अक्सर शराब पीने के लिए रुपये मांगता रहता था। रुपये न देने पर वह गाली-गलौज और मारपीट करता था। इसी कारण वह अलग रह रहा था।
महिला के अनुसार, वह सुबह भोजन बनाकर धान की रोपाई के लिए खेत चली गई थी। घर पर उसके छह वर्षीय पुत्र दिव्यांश और पांच वर्षीय पुत्र श्रीयांश मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान सुरेश घर पहुंचा और अरहर की दाल में जहरीला पदार्थ मिला दिया। बच्चों ने दाल खाने के कुछ ही देर बाद उल्टी और बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई।घटना की जानकारी मिलने पर मां बच्चों को तत्काल सीएचसी लेकर पहुंची। चिकित्सकों को मामले की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेश पासी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जहरीले पदार्थ की भी जांच कराई जा रही है।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि शराब की लत ने एक पिता को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने अपने ही मासूम बच्चों की जान जोखिम में डाल दी।











