कीटनाशी प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की छापेमारी, 4 दुकानों को चेतावनी, 2 को नोटिस।
शाहजहांपुर। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार, 8 जुलाई 2026 को जिला कृषि अधिकारी एवं जिला कृषि रक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने उप जिलाधिकारी के दो निरीक्षकों के साथ जिले की विभिन्न तहसीलों में कीटनाशी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान जिले के 15 कीटनाशी प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 9 कीटनाशी नमूने परीक्षण के लिए लिए गए। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने पर 4 दुकानों को चेतावनी जारी की गई, जबकि निरीक्षण के दौरान बंद मिली 2 कीटनाशी दुकानों को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किए गए।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा किसानों को मानक कीटनाशी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।










