तिलहर नगर पालिका में सरकारी भूमि आवंटन की शिकायत पर डीएम ने बैठाई जांच, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट।

शाहजहांपुर, 10 जुलाई। तिलहर नगर पालिका परिषद में सरकारी भूमि गाटा संख्या के कथित अनियमित आवंटन के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने उपजिलाधिकारी तिलहर को पत्र जारी कर पूरे प्रकरण की जांच कर तीन दिन के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकोष्ठ (ओबीसी मोर्चा) रामलखन कुशवाहा द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका परिषद तिलहर के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी #सर्वेश_कुमार_कुशवाहा ने कथित रूप से गाटा #संख्या_316, NZA की लगभग 193.33 वर्ग गज सरकारी भूमि का आवंटन बिना बोर्ड से प्रस्ताव पारित कराए, बिना किसी गजट, रसीद अथवा सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के केवल 100 रुपये के सादे स्टांप पर अनुबंध पत्र तैयार कर दिया।
राम लखन कुशवाह द्वारा शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त भूमि की न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही नोटरी, जिससे सरकारी संपत्ति का लाभ भू-माफियाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामले की शासन स्तर से जांच कराने की भी मांग की गई है।
अपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी तिलहर को शिकायत पत्र की छायाप्रति संलग्न करते हुए निर्देशित किया है कि प्रकरण में लगाए गए आरोपों का परीक्षण कर तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।











