शीतलहर से बचाव की फिर तैयारी तेज, 1 दिसंबर से संचालित होंगे रैन बसेरे, डी एम के निर्देश।

बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बनेंगे आश्रय स्थल, पेयजल, शौचालय व बिस्तर की होगी व्यवस्था।
30 नवंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश, जरूरतमंदों को वितरित किए जाएंगे कंबल
शाहजहांपुर। शीतलहर के प्रकोप से निराश्रितों, यात्रियों और जरूरतमंदों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार रैन बसेरे स्थापित किए जाएंगे। इन आश्रय स्थलों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बिस्तर समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को 30 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर 1 दिसंबर से रैन बसेरों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
शीतलहर से बचाव एवं जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें गत वर्ष स्थापित स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों के साथ ही अलाव व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट और कड़े शब्दों में कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो। इसके लिए सार्वजनिक स्थलों पर जरूरत के अनुसार आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरों की पहचान के लिए बाहर स्पष्ट बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर साइन बोर्ड लगाकर लोगों को रैन बसेरों की जानकारी दी जाए। इन बोर्डों पर वहां उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं का विवरण भी अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से आश्रय स्थल तक पहुंच सकें।
उन्होंने रैन बसेरों में पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिस्तर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को अलाव की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे ठंड बढ़ने पर लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
कंबल वितरण की तैयारी भी समय से पूरी करें
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।






