रेड क्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चलाएगी संचारी रोग जागरूकता अभियान।
शाहजहांपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में आयुष चिकित्सकों के साथ एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरामऊ के चिकित्सक डॉ. उस्मान अली खान ने की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति एवं उपमुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेशभर में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शाहजहांपुर में भी जिलाधिकारी एवं जिला शाखा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और संचारी रोग नियंत्रण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएगी। साथ ही रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़कर गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
डॉ. उस्मान अली खान ने कहा कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस सहित अन्य संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ. मुजीब उल्ला खान ने कहा कि संचारी रोग बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद एवं परजीवियों के कारण फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, हाथों की नियमित सफाई, मच्छरों से बचाव, समय पर टीकाकरण तथा लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रेड क्रॉस सोसाइटी जनहित में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अपनाने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
बैठक में डॉ. विजय जौहरी, डॉ. उस्मान अली खान, डॉ. मुजीब उल्ला खान, डॉ. मसरूर, मुरारी दीक्षित, नवजोत सिंह, बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, चन्द्रसेन वर्मा, रवि बाबू, रामकुमार सक्सेना, अमुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी, शीला देवी, राजीव राठौर, इमरान खान, अवनीश सक्सेना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में रेड क्रॉस सचिव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए मानव सेवा के कार्यों में सहयोग की अपेक्षा की।











