
रायबरेली में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान: मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को रायबरेली के खीरो विकास खंड स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जनपद रायबरेली में लगभग 55 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता के बल पर यह लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बनना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यक्रम मां सरस्वती की आराधना से प्रारंभ होकर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ संपन्न होते हैं, जबकि कांग्रेस भारतीय संस्कृति और संस्कारों से दूर होती जा रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।











