बेकाबू रोडवेज बस ने बाइक सवार दरोगा को रौंदा, मौके पर मौत।
रामपुर/उत्तर प्रदेश। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में रेडिको खेतान फैक्ट्री के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑन-ड्यूटी सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र की मौत हो गई। वह बाइक से शासकीय कार्य के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में थाना शहजादनगर में तैनात सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र एक मामले में पंचनामे की विधिक कार्रवाई के लिए बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह रेडिको खेतान फैक्ट्री के समीप पहुंचे, सामने से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, बस चालक और वाहन के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
फाइल फोटो:सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र।







