तिलहर में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 8.50 लाख रुपये कीमत की अफीम व एल्प्राजोलम बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार।

तिलहर/शाहजहांपुर। थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.790 किलोग्राम अफीम, 300 ग्राम एल्प्राजोलम, दो मोबाइल फोन और 1,090 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 13.50 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त 2026 को थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सरयू पुलिया से शाहजहांपुर की ओर सर्विस रोड पर करीब 200 मीटर दूर आम के पेड़ के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैजनाथ पुत्र रामदयाल (68 वर्ष), निवासी मोहल्ला खनपुरा, सलेमाबाद पट्टी, तिलहर और भूपेन्द्र सिंह पुत्र अजय कुमार सिंह (25 वर्ष), निवासी ग्राम कितुकापुर, थाना कांट के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में भूपेन्द्र सिंह ने कथित तौर पर बताया कि वह मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और अवैध सप्लाई में शामिल रहा है। उसके अनुसार वह पहले वैजनाथ के पुत्र सर्वेश से अफीम लेकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था। सर्वेश के जेल जाने के बाद वह वैजनाथ से अफीम लेने लगा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में झारखंड से अफीम मंगाए जाने और अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त को भूपेन्द्र सिंह आगरा जनपद के सुरेश चन्द्र नामक व्यक्ति के लिए वैजनाथ से अफीम और नशीला पाउडर लेने आया था। उक्त मादक पदार्थ पहुंचाने के एवज में उसे 5,000 रुपये मिलने थे। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने सुरेश चन्द्र को भी मामले में अभियुक्त नामित किया है तथा उसके संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में थाना तिलहर में मु0अ0सं0 442/2026, धारा 8/18/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वैजनाथ के खिलाफ पूर्व में भी धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना तिलहर के प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र, एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली के उपनिरीक्षक अमित कुमार, थाना तिलहर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा एसटीएफ के मुख्य आरक्षी गिरिजेश पोसवाल, शिवओम पाठक और अरुण कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।






