सड़क हादसे में पत्नी की मौत, अधिवक्ता पति गंभीर घायल।
गोला जल चढ़ाने जा रहे दंपती की बाइक की आमने-सामने भिड़ंत।
तिलहर/शाहजहांपुर। गोला में जल चढ़ाने जा रहे दंपती की बाइक रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके अधिवक्ता पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गया।
नगर के मोहल्ला उम्मरपुर निवासी अधिवक्ता पवनकांत शर्मा अपनी पत्नी मिथिलेश शर्मा के साथ बाइक से गोला में जल चढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिथिलेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अधिवक्ता पवनकांत शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल पवनकांत शर्मा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना तिलहर पहुंचते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गोला जल चढ़ाने की यात्रा मातम में बदली
जिस धार्मिक यात्रा पर दंपती श्रद्धा और आस्था के साथ निकले थे, वह रास्ते में हुए दर्दनाक हादसे के कारण मातम में बदल गई। पत्नी की मौत और पति के गंभीर घायल होने की खबर से मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
नोट-मिथिलेश का फाइल फोटो है जो उनके गंभीर घायल अधिवक्ता पति के साथ है।







