उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्रवाई: 1200 लीटर तेल सीज, दूषित मिठाइयां कराई गईं नष्ट।



शाहजहांपुर: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आम जनमानस को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में व्यापक छापामार कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य टीमों ने विभिन्न दुकानों और कारखानों का निरीक्षण कर नमूने भरे और भारी मात्रा में मिलावटी व दूषित सामग्री नष्ट कराई।
1.56 लाख रुपये का 1200 लीटर तेल सीज
जमालपुर स्थित ‘संजीव कुमार गुप्ता ऑयल मर्चेंट’ के निरीक्षण के दौरान पैकेटों व बोतलों पर सही लेबलिंग न होने के कारण निर्माता को नए रैपर लगाने के निर्देश दिए गए। इसी फर्म से लखीमपुर खीरी ले जाए जा रहे 80 टीन (1200 लीटर) राइस ब्रान तेल को एक पिकअप वाहन से पकड़ा गया। तेल के टीन अत्यधिक गंदे और जंग लगे थे, जिसके चलते 1,56,000 रुपये मूल्य के इस पूरे तेल को जांच रिपोर्ट आने तक सीज कर दिया गया है।
कलान रोड स्थित अनिल लौंज विक्रेता के कारखाने में अस्वच्छ दशा में रखी 18 किग्रा लौंज (मूल्य ₹2,700) को मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य लाइसेंस न मिलने पर दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। इसी तरह निगोही रोड स्थित राजेंद्र प्रसाद के कारखाने से 25 किग्रा दूषित लौंज (मूल्य ₹3,,700) और ड्रम में रखा गंदा घोल नष्ट कराया गया।
* श्याम स्वीट (दुवायाँ): बर्फी का नमूना संगृहीत।
* चंद्रकिशोर मिठाई कारखाना (मधुआ डांडी): स्वच्छता में कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 05 नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार और मनोज कुमार शामिल रहे। विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







