उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 44 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र।

शाहजहांपुर, 25 अगस्त। लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा कृषि विभाग के नवनियुक्त 3,446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार में देखा गया।
जनपद शाहजहांपुर में 44 युवाओं का चयन प्राविधिक सहायक पद पर हुआ। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने नवनियुक्त सहायकों से सत्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हुए किसानों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में प्राविधिक सहायक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं की यह सफलता उनके परिश्रम और लगन का परिणाम है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







