ईद-ए-मिलादुन्नबी की तैयारियों का DM ने किया स्थलीय निरीक्षण, जुलूस मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश।

जुलूस मार्ग पर गड्ढे तत्काल भरने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश।
शाहजहांपुर। ईद-ए-मिलादुन्नबी (बारहवफात) के अवसर पर प्रस्तावित जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को नूरी मस्जिद सहित जुलूस मार्ग का जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं जुलूस के आयोजकों से तैयारियों की जानकारी ली गई और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान DM श्री सिंह ने जुलूस मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मार्ग में जगह-जगह पाए गए गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए, ताकि जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही जुलूस के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि जुलूस मार्ग पर व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने आयोजकों से भी सहयोग की अपील करते हुए जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन करने का आग्रह किया।







