
नहर किनारे शौच के लिए गया था भोला, अचानक गिरी बिजली ने ली जान; घटना से गांव में मचा हड़कंप
CRS NEWS रायबरेली। जिले में सोमवार सुबह मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा डीह थाना क्षेत्र के पूरे काली मजरे रोखा गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी भोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब सवा नौ बजे घर से शौच के लिए डीह रजबहा नहर के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी और उसकी चपेट में आने से भोला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह क्षेत्र में बारिश और खराब मौसम का माहौल था। भोला घर से निकलकर नहर के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली सीधे भोला पर गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब हादसा देखा तो मौके पर पहुंचकर परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर मातम का माहौल है।
डीह थाना इंस्पेक्टर जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि युवक शौच के लिए नहर किनारे गया था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना को प्राकृतिक आपदा से जुड़ा मामला माना गया है।
बारिश और बिजली चमकने के दौरान सावधानी बरतने की अपील
आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, खेतों, नहरों और पेड़ों के नीचे जाने से बचना चाहिए। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहना ही सबसे बेहतर उपाय है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और आकाशीय बिजली की संभावना होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। डीह क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर बारिश और गरज-चमक के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर लोगों को सचेत कर दिया है।







