
हरदोई __ भरखनी ब्लॉक के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की छात्रा क्षमा दीक्षित की उपचार के दौरान मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। पिता उमेश दीक्षित का आरोप है कि स्कूल में क्षमा की अपनी सहपाठी छात्रा से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। क्षमा ने इसकी शिकायत शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार से की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद गंगवार ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हालत बिगड़ने पर परिवार उसे फर्रुखाबाद ले गया, जहां इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
मामले में मौत से पहले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रा कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट की कहानी बताती नजर आ रही है। परिजनों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर पिता विद्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय शिक्षक ने बच्ची का इलाज कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में विद्यालय की ओर से उसके स्वास्थ्य की जानकारी नहीं ली गई। हालत गंभीर होने पर छात्रा को फर्रुखाबाद के हॉस्पिटल में 26 अगस्त को भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी जान चली गई।
बेटी की मौत के बाद पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने विद्यालय में मौजूद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बयान तथा उपचार संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग भी की है। मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह मौके पर पहुंचे। विभाग के अनुसार विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार, दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
फर्रुखाबाद में छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया है और अब रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। छात्रा की मौत और वायरल वीडियो ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिकायतों पर कार्रवाई और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से यह साफ होगा कि छात्रा की मौत की वास्तविक वजह क्या रही और घटना के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।







