एमआरएफ सेंटर के लिए चिन्हित भूमि का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण। राजस्व अभिलेखों व भूमि का सत्यापन कर शीघ्र अग्रिम कार्यवाही के निर्देश।

शाहजहांपुर, 19 सितंबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उप जिलाधिकारी कलान प्रभात राय के साथ विकासखंड कलान के ग्राम सथरा धर्मपुर पहुंचकर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ) के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित स्थल की स्थिति, भूमि संबंधी अभिलेखों और उपलब्ध क्षेत्रफल की जानकारी ली।
उप जिलाधिकारी कलान ने जिलाधिकारी को बताया कि एमआरएफ सेंटर के निर्माण के लिए गाटा संख्या 131 की भूमि चिन्हित की गई है, जिसका कुल क्षेत्रफल करीब एक हेक्टेयर है। जिलाधिकारी ने मौके पर भूमि की सीमाओं, उपलब्ध क्षेत्रफल और निर्माण के लिए उसकी उपयुक्तता का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित भूमि के राजस्व अभिलेखों और मौके पर उपलब्ध भूमि का समुचित सत्यापन किया जाए, ताकि भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने भूमि से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं और जांच समय से पूरी कराकर एमआरएफ सेंटर के निर्माण के लिए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर के संचालन से ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।







