सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज में विशाल रक्तदान शिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन।


शाहजहाँपुर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, शाहजहाँपुर में विशाल रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद श्री मिथलेश कुमार कठेरिया, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री डी.एस. राठौर, जिलाध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, अभियान संयोजक श्री वैभव खन्ना तथा प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर सांसद श्री मिथलेश कुमार कठेरिया ने प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जनसेवा और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान के उपरांत मुख्य अतिथियों एवं प्राचार्य द्वारा रक्तदाताओं को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के तहत परिसर में एन.सी.डी. क्लिनिक, टी.बी., कैंसर, फाइलेरिया, स्त्री एवं प्रसूति, स्वाइन फ्लू, योगा तथा कम्युनिटी मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के जागरूकता स्टॉल लगाए गए। साथ ही एमबीबीएस, नर्सिंग व पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य विषयों पर आधारित मॉडल्स और शैक्षणिक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि “हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।” उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत माह भर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सरोज कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेन्द्र पाल, डॉ. नेपाल सिंह, डॉ. राणा प्रताप, डॉ. अमृता तिवारी, डॉ. शबाहत हुसैन, डॉ. विभोर जैन, डॉ. पूनम ओमर सहित भारी संख्या में चिकित्सक, रेजीडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ एवं कॉलेज कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की गई।







