बालगृह में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, बच्चों को अधिकारों और शिक्षा के महत्व की दी जानकारी।

शाहजहांपुर, 19 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर के तत्वावधान में शनिवार को ‘‘Child Friendly Legal Services for Children’’ के अवसर पर राजकीय बालगृह बालक, नवादा इन्देपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने की।
शिविर में सचिव अपेक्षा सिंह ने बच्चों के अधिकारों और उनके लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अक्षरों का ज्ञान अथवा परीक्षा उत्तीर्ण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में सोचने-समझने की क्षमता विकसित करती है और उसे समाज में आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने के योग्य बनाती है।
फार्मासिस्ट रामविनय यादव ने शिक्षा के अधिकार पर विशेष रूप से चर्चा की। वहीं संस्था के अध्यापक प्रदीप कुमार ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम-2009 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी और बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
पराविधिक स्वयंसेवक अनिल कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में बच्चों को जानकारी दी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीकों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया। शिविर में राजकीय बालगृह बालक के अध्यापक, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में किशोर उपस्थित रहे।







