ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी।
शाहजहांपुर, 21 सितंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की चल रही फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी भी मौजूद रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य 2 सितंबर 2026 से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी की प्रक्रिया, व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एफएलसी का कार्य भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एफएलसी से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने एफएलसी हॉल में प्रवेश व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों तथा नामित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन एवं निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने ईसीआईएल के इंजीनियर को ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।







