आयुर्वेद दिवस पर आयुर्वेद से जनस्वास्थ्य और राष्ट्रस्वास्थ्य का लिया संकल्प।

शाहजहांपुर। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा के साथ स्वस्थ जीवनशैली और जनस्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” है। आहार, दिनचर्या, योग, व्यायाम, स्वच्छता और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने आयुर्वेद की प्रमाणित एवं उपयोगी स्वास्थ्य अवधारणाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
डॉ. जौहरी ने बताया कि भारत सरकार ने मार्च 2025 में राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से प्रत्येक वर्ष 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाने की तिथि निर्धारित की है। बैठक में 23 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आयुर्वेद की संतुलित जीवनशैली, आहार-विहार, योग एवं जनस्वास्थ्य में भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. एसपी कौशल, डॉ. हितेश गुप्ता, डॉ. रवि सक्सेना, जिला चिकित्सालय के आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, ओम दिव्यांग कल्याण समिति के बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, रवि वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







