लगातार बारिश से मकान का कमरा गिरा, बच्चे बाल-बाल बचे। घरेलू सामान मलबे में दबा, करीब एक लाख रुपये के नुकसान का दावा।

तिलहर/शाहजहांपुर। नगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच मोहल्ला दिलज़ाक में रविवार तड़के एक मकान का कमरा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में सो रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। कमरे के मलबे में घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े समेत अन्य जरूरी सामान दब जाने से परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया गया है।
मोहल्ला दिलज़ाक निवासी रईस अहमद पुत्र अब्दुल लतीफ के मकान में रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक दीवारों और छत में दरारें पड़ने के बाद पूरा कमरा धराशायी हो गया। कमरे के गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में कमरे में सो रहे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कमरा गिरने से उसमें रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया। परिवार के मुताबिक फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान के नुकसान से करीब एक लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
परिजनों ने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने तथा आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण नगर क्षेत्र में कई कमजोर और जर्जर मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कराकर जरूरतमंद परिवारों को समय से सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।






