19 नवंबर से तिलहर में चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को दिए शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित कराने के निर्देश।
शाहजहांपुर। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड तिलहर के तहसील सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद के तिलहर ब्लॉक में 19 नवंबर से 07 दिसंबर 2026 तक आईडीए अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को उनकी आयु एवं लंबाई के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगे। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, कोटेदारों एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक करें और सभी पात्र व्यक्तियों को दवा खिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने दवा सेवन से इनकार करने वाले व्यक्तियों की सूची तैयार कर उन्हें जागरूक करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अभियान की प्रगति की समीक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए उप जिलाधिकारी तिलहर को दो बार मध्यावधि समीक्षा करने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला मलेरिया अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।






