
हरदोई में बारिश से परेशान एक युवक ने अनोखी शिकायत दर्ज कराई है। उसने बारिश के देवता भगवान इंद्रदेव के खिलाफ ही जिलाधिकारी (DM) से शिकायत कर दी।
युवक ने कहा कि इंद्रदेव पिछले कई घंटों से बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बारिश करा रहे हैं। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
शिकायत में युवक ने कहा, “मुझे इंद्रदेव का नंबर नहीं पता है। डीएम अपने स्तर से संपर्क कर बारिश रोकने के लिए निर्देश दें, ताकि जनपदवासियों को राहत मिल सके।”
यह शिकायत IGRS यानी जनसुनवाई पोर्टल पर 26 सितंबर को की गई है। शिकायतकर्ता का नाम सूरज तिवारी है। सूरज मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव के रहने वाले हैं।






