महिला थाना की काउंसलिंग से दंपति विवाद का समाधान, आपसी सहमति से साथ रहने को हुए राजी।
शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में महिला थाना पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए प्रभावी काउंसलिंग की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को महिला थाना में पारिवारिक विवाद से संबंधित पांच पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। काउंसलिंग और आपसी वार्ता के बाद एक दंपति के बीच विवाद का समाधान हो गया और दोनों आपसी सहमति से साथ रहने को राजी हो गए।
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व हुआ था। उनकी एक बच्ची भी है। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी करीब पांच माह से अपने मायके में रह रही थी। महिला ने पति एवं ससुराल पक्ष पर मारपीट और गाली-गलौज किए जाने की बात बताते हुए महिला थाना में शिकायत की थी।
महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और आपसी वार्ता एवं काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग के दौरान महिला ने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई और आपसी सम्मान एवं उचित व्यवहार की अपेक्षा व्यक्त की। वहीं पति ने भी अपनी पत्नी और बच्ची के साथ रहने की इच्छा जाहिर की।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को आपसी समझ, सम्मान और पारिवारिक जीवन के महत्व के संबंध में समझाया गया। इसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता कर साथ रहने के लिए राजी हो गए। महिला थाना पुलिस ने दंपति को सकुशल विदा कर दिया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक महिला थाना रश्मि अग्निहोत्री, महिला उपनिरीक्षक सुषमा देवी, महिला कांस्टेबल निशा सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






