मतदाता पुनरीक्षण कार्यों में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई, दोषी कार्मिकों पर लटकी निलंबन की तलवार।
डीएम ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक पदाभिहित स्थलों पर बनेंगे मतदाता पहचान पत्र संबंधी फॉर्म।
शाहजहांपुर, 15 नवंबर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने अथवा निर्वाचन ड्यूटी करने से मना करने वाले कार्मिकों के खिलाफ निलंबन सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों, पदाभिहित स्थलों की व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती और निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की ड्यूटी सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तहसीलों से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए 18 नवंबर तक आवश्यक बैठकें आयोजित कर सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने बताया कि पदाभिहित अधिकारियों एवं डेजिग्नेटेड अधिकारियों की तैनाती सूची तैयार कर डीईओ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पदाभिहित स्थलों पर साइनेज सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन स्थलों पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बड़े कॉलेजों, बड़े कार्यालयों एवं तहसील कार्यालयों में भी 10-10 पदाभिहित स्थल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को सुविधा मिल सके। वहीं, उपजिलाधिकारियों को सुपरवाइजरों के साथ बेहतर समन्वय के लिए 10-10 सुपरवाइजरों के समूह में बैठकें आयोजित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रारूप पर 30 नवंबर तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रिपोर्ट में मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण शामिल होगा। इसके अलावा वार्डवार बूथों एवं मतदाताओं की संख्या का विस्तृत आंकड़ा तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आयोग की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का नियमित अध्ययन कर उनका अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
बैठक में आगामी 18 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची पढ़कर सुनाए जाने के संबंध में सभी राजनीतिक दलों को समय से सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही 17, 18, 19 एवं 20 नवंबर को एईआरओ और ईआरओ कार्यालयों में टेबल टॉप एक्टिविटी आयोजित करने तथा जनसेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।