जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने स्वयं स्वगणना कर किया जागरूक।
30 नवंबर तक चलेगा स्वगणना अभियान, जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने जनपदवासियों से की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील।
शाहजहांपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार से जनपद शाहजहांपुर में स्वगणना अभियान का शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने स्वयं ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्वगणना कर जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मुख्य विकास अधिकारी श्री उत्कर्ष द्विवेदी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री अरविन्द कुमार ने अपनी पत्नी श्रीमती सौम्या के साथ स्वगणना की। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना करने की अपील करते हुए शाहजहांपुर को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों के साथ विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने भी स्वगणना की प्रक्रिया शुरू की। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार, अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त तथा अपर नगर आयुक्त श्री भानु सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान में सहभागिता की।
जनपद में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके लिए कुल 5,750 प्रगणक एवं 941 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। जनगणना का कार्य 21 चार्ज ऑफिसरों के माध्यम से कराया जाएगा। निगरानी एवं समीक्षा के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को 97 नोडल अधिकारियों के रूप में नामित किया गया है। प्रत्येक नोडल अधिकारी के अधीन 10 सुपरवाइजर एवं 60 प्रगणक लगाए गए हैं। एक प्रगणक को लगभग 800 की जनसंख्या की गणना का दायित्व सौंपा गया है, जबकि प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है।
अभियान के पहले दिन सुबह 9 बजे तक लगभग 1,100 लोगों ने अपने परिवार की स्वगणना पूरी कर ली थी।
30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन स्वगणना
स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर राज्य एवं भाषा का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद ओटीपी एवं कैप्चा सत्यापन कर लोकेशन का चयन करते हुए स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इसमें लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी देनी होगी।
स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक जनगणना का निर्धारित कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्टेट मास्टर ट्रेनर अनूप बरनवाल, फील्ड ट्रेनर मुकेश कुमार एवं मृदुल श्रीवास्तव, सुपरवाइजर कुसुम देवी, एनुमरेटर भावना तथा राजस्व निरीक्षक अधिकारी दिव्यांशु पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





