तिलहर में पुलिसकर्मियों ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास, दंगा नियंत्रण के गुर सीखे।

भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को किया गया प्रशिक्षित।
तिलहर/शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी तिलहर ने चीनी मिल ग्राउंड में तिलहर सर्किल के पुलिसकर्मियों को बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को बलवा और दंगा जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।
अभ्यास के दौरान भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल के बीच आपसी समन्वय, अनुशासन बनाए रखने तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही विषम परिस्थितियों में सतर्कता, संयम और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के तरीके भी बताए गए।
क्षेत्राधिकारी तिलहर ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और अनुशासन बनाए रखें। कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में आपसी तालमेल के साथ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभ्यासों का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने, आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता को और बेहतर करना है।






