पुवायां में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 1558 अभ्यर्थियों में से 632 का चयन/शॉर्टलिस्टिंग।



शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को विधानसभा पुवायां स्थित गन्ना किसान डिग्री कॉलेज, पुवायां में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्घाटन नगर पालिका परिषद पुवायां के अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री पुनीत कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धनेश्वर मिश्रा ने भी अभ्यर्थियों को संबोधित किया। मेले में चयनित 10 अभ्यर्थियों को अध्यक्ष द्वारा नियुक्ति प्रस्ताव पत्र (ऑफर लेटर) प्रदान किए गए।
वृहद रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, अडानी सोलर एनर्जी, निमसन हर्बल, पुखराज हेल्थ केयर, नर्स केयर 24 तथा दि इंडिया थर्मिट कंपनी सहित निजी क्षेत्र की लगभग 19 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 1558 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 632 अभ्यर्थियों का चयन/शॉर्टलिस्ट किया गया। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं जीटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्री विजय सुधाकर सिंह ने उपस्थित अभ्यर्थियों को सेवायोजन कार्यालय के कार्यों एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






