श्री कन्या गुरुकुल रुद्रपुर में 1 से 3 नवंबर तक होगा 5वा वार्षिक वैदिक महोत्सव।
तिलहर/शाहजहांपुर। तहसील तिलहर के ग्राम रुद्रपुर स्थित श्री कन्या गुरुकुल में आगामी 1, 2 और 3 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय पांचवे वैदिक महोत्सव आयोजन को लेकर कार्यक्रम आयोजक अनुभव आर्या द्वारा गुरुकुल स्थित प्रेस वार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव में अनेक विद्वानों, भजनोपदेशकों और राजनेताओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।
श्री अनुभव आर्या ने गुरुकुल की ऐतिहासिक एवं वैचारिक परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री सत्यदेव शास्त्री ने ग्राम रुद्रपुर में दो गुरुकुलों की स्थापना की थी। उनके सबसे छोटे पुत्र श्री ब्रह्मदत्त ने भी ऋषि परंपरा का अनुसरण करते हुए अपना जीवन समर्पित किया। इसी परंपरा में संस्कृत व्याकरण के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले प्राचार्य श्री सूर्यदेव शास्त्री ने वैदिक सिद्धांतों और सत्य की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया।
गुरुकुल महिला महाविद्यालय की प्रबंधिका बहेन जी कुमारी श्री के अनुसार, महोत्सव के दौरान वैदिक सत्संग, यज्ञ और आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य वैदिक संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और ऋषि परंपरा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं, धर्मानुरागियों और क्षेत्रवासियों से महोत्सव में पहुंचकर यज्ञ एवं वैदिक सत्संग का लाभ उठाने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की है।
इस मौके पर श्री अनुभव आर्या के साथ प्रबंधिका बहन जी कुमारी श्री सहित सचिन वर्मा ( ग्राम प्रधान ), सुश्री अन्जली ( गुरुकुल प्राचार्या ) , सुरेश आर्य (मंत्री आर्य समाज रुदपुर ), सुश्री मुस्कान (अध्यापिका) आदि मौजूद रहे।






