सर्वाइकल कैंसर के प्रति महिलाओं को किया जागरूक, विधिक साक्षरता शिविर में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।

शाहजहाँपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को सामुदायिक केंद्र, नगरिया, याकूबपुर चौराहा, जलालाबाद में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के नेतृत्व में एलएडीसीएस चीफ श्री दिनेश कुमार मिश्र ने की।
इस अवसर पर श्री दिनेश कुमार मिश्र ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की कानूनी अथवा चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता होने पर प्राधिकरण सदैव सहयोग के लिए तत्पर है।
एलएडीसीएस असिस्टेंट श्री विवेक शर्मा ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं को उनके मौलिक अधिकारों, स्वास्थ्य संबंधी कानूनी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. दिनेश सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों, समय-समय पर चिकित्सकीय जांच और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय रहते जागरूकता, नियमित जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श से इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
शिविर का संचालन पीएलवी श्री वैभव ने किया। इस दौरान सामुदायिक केंद्र का स्टाफ, क्षेत्र की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






