फिट इंडिया साइकिल रैली के 100वें संस्करण में 100 से अधिक साइकिल चालकों ने दिया नशा मुक्त भारत का संदेश।


शाहजहाँपुर। फिट इंडिया अभियान के तहत ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 100वें ऐतिहासिक संस्करण पर रविवार को मेजर जदुनाथ स्टेडियम, शाहजहाँपुर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली में 100 से अधिक साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन माई भारत शाहजहाँपुर के उप निदेशक श्री माहे आलम के पर्यवेक्षण में हुआ। फिट इंडिया कोच श्री शकील अहमद ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया, जबकि साइकिल क्लब शालीमार देवी के प्रमुख श्री गजेन्द्र सिंह ने सहयोगियों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में करण शर्मा, दिवेश कुमार, हिमांशु सक्सेना, शैलेन्द्र सिंह, माई भारत के स्वयंसेवकों और अन्य साइकिल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर श्री माहे आलम ने कहा कि साइकिलिंग स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। वहीं फिट इंडिया कोच शकील अहमद ने नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। इसके 100वें संस्करण की राष्ट्रीय थीम ‘पेडलिंग टुवर्ड्स इंडियाज़ ओलंपिक ड्रीम’ रही। साथ ही रैली के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का संदेश भी दिया गया।





