‘आयुष आपके द्वार’ अभियान से ग्रामीणों को राहत, 1222 लोगों ने लिया निःशुल्क उपचार।

हर बुधवार गांवों में लग रहे आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा शिविर।
शाहजहांपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के तहत जनपद में प्रत्येक बुधवार विशेष चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से 1222 ग्रामीणों ने निःशुल्क उपचार और औषधियों का लाभ लिया।
राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के दिशा-निर्देशों तथा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला आयुष सोसायटी की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में जिले के ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। शिविरों में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं।
अभियान के तहत आयुर्वेद पद्धति से 728, होम्योपैथी से 403 तथा यूनानी चिकित्सा से 91 ग्रामीणों को उपचार का लाभ मिला। इस प्रकार कुल 1222 ग्रामीण लाभान्वित हुए।
शिविरों में चिकित्सकों ने ग्रामीणों को संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा आयुष पद्धतियों और औषधीय पौधों के उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार इसी प्रकार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।







