
गोंडा गांव में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन, कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने किया जनता को संबोधित
रायबरेली/गदागंज:
विकासखंड दीनशाह गौरा के चरुहार बीक ग्राम सभा अंतर्गत गोंडा गांव में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर जनता को संबोधित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी जाति एवं धर्म के लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान कर रही है।
मंत्री ने ऊंचाहार को अपनी सेवा का मंदिर बताते हुए कहा कि वे हर समय क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
शिविर में समाज कल्याण, पशुपालन, विद्युत विभाग, खादी ग्रामोद्योग, स्वयं सहायता समूह, बाल विकास परियोजना एवं जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर गौरा ब्लॉक प्रभारी भाजपा अशोक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी, एडीओ कोऑपरेटिव आमोद आनंद, देवेश लोधी, अविनाश मिश्रा, पूर्व प्रधान शिवमोहन त्रिवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रशेखर त्रिवेदी, धीरज बाजपेई, ग्राम प्रधान सतीश कुमार, रामविलास जायसवाल, अमरनाथ मिश्रा, अविनाश मिश्रा, पुतानी महाराज सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनमानस उपस्थित रहा।










