
लालगंज में होटल पर पुलिस की छापेमारी होटल सील
लालगंज (रायबरेली):
कस्बे के बृजेंद्र नगर स्थित एक होटल पर मंगलवार दोपहर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल में कई युवक-युवतियां मौजूद मिले, वहीं अवैध रूप से संचालित किए जा रहे स्विमिंग पूल को लेकर भी जांच की गई।
मौके पर पहुंची टीम में एसडीएम राजेश श्रीवास्तव और लालगंज कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
जांच के दौरान पाया गया कि होटल में संचालित स्विमिंग पूल मानकों के विपरीत था और वहां किसी भी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
होटल में मिले युवक-युवतियों को बालिग होने के आधार पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि होटल को लेकर पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद लालगंज क्षेत्र में संचालित अन्य होटलों में भी हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
एसडीएम राजेश श्रीवास्तव – “लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जांच में अनियमितताएं पाई गई हैं। मानकों का पालन न करने पर होटल को सील किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










