
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने विकासखंड टड़ियावां में डिजिटल लाइब्रेरी, प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। डिजिटल लाइब्रेरी नानकगंज ग्रंट की व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा और आंगनबाड़ी केंद्र में कई खामियां सामने आईं।
विद्यालय में घास-झाड़ियां खड़ी मिलीं। हैंडवॉश यूनिट में टोंटी नहीं थी और रनिंग वाटर की व्यवस्था नहीं मिली। शौचालय में प्रकाश व्यवस्था का अभाव, फर्नीचर की कमी और कुछ फर्नीचर मरम्मत योग्य मिला। 155 पंजीकृत बच्चों में सिर्फ 70 उपस्थित थे और कई बच्चे यूनिफॉर्म में नहीं थे। एमडीएम मीनू प्रदर्शित नहीं था तथा रसोईघर में साफ-सफाई की कमी मिली। डस्टबिन का भी समुचित उपयोग नहीं हो रहा था। कक्षा चार के बच्चों को बोर्ड पर पढ़वाने पर उनके शैक्षिक स्तर की मैपिंग कर शिक्षण कराने की जरूरत सामने आई।
लापरवाही पर प्रधानाध्यापक ममता तिवारी, ग्राम पंचायत सचिव विजय वर्मा और पर्यवेक्षकीय जिम्मेदारी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा का अगस्त 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्र में 39 बच्चों के सापेक्ष केवल 11 बच्चे उपस्थित मिले। वजन मशीन नहीं थी और लंबाई मापने का यंत्र खराब मिला। केंद्र विद्यालय के बरामदे में चल रहा था, जबकि विद्यालय में एक कक्ष खाली था। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला यादव, मुख्य सेविका उमा गुप्ता और प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी संजू वर्मा को आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों और सेल्फ की कोडिंग, पाठक कार्ड, एसी और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। CDO ने साफ कहा कि स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और पोषण समेत सभी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।







