
📰 रायबरेली में पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ, 3.67 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने रविवार को फीता काटकर जिले में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की खुराक पिलाई तथा उन्हें गोद में लेकर स्नेह भी जताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवीन चंद्रा ने बताया कि 28 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के 3,67,432 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन जिले के 1,672 बूथों पर बूथ दिवस का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाई।
उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। वहीं, अभियान से छूटे बच्चों को कवर करने के लिए 6 जुलाई को बी-टीम गतिविधि आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयास सफल हो सकें।










