
भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और आम जनता परेशान, जनसमस्याओं पर सरकार पूरी तरह विफल : अतुल सिंह
ऊंचाहार (रायबरेली)। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के खोर, धोविन झाला, पूरे बरियार सिंह सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान एवं नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान खाद, बीज और सिंचाई के पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान हैं, जबकि आम जनता बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
अतुल सिंह ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तथा सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी का भी अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में विफल रही है और उनकी परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर रही हैं।
बिजली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए अतुल सिंह ने कहा कि कम बिजली खपत के बावजूद उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगी बिजली और बढ़ते बिलों से आम जनता आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर है।
क्षेत्रीय विधायक पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र की सड़क, बिजली, पानी और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतुल सिंह ने सवैया धनी निवासी दिनेश कुमार सरोज की पुत्री संजना रावत को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली की प्रवेश परीक्षा में 13वीं रैंक प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संजना की उपलब्धि पूरे ऊंचाहार और रायबरेली के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, उर्मिला लोधी, रामदत्त पांडेय, तेज बहादुर सिंह, कप्तान सिंह, अतेंद्र सिंह, भोला साहू, भुल्लन यादव, डॉ. हनुमान प्रसाद लोधी, संतोष त्रिवेदी, प्रदीप मौर्य, गोलू अग्रहरि, देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, रवि सिंह, रतीलाल सरोज, बृजेश यादव, नरेंद्र यादव, सोमनाथ सरोज, संदीप कुमार गौतम, आनंद सिंह, कमलेश वर्मा, छेदीलाल लोधी, पप्पू वर्मा, दीपू लोधी, आशीष मौर्य, विजय श्रीवास्तव, राकेश कुमार, संजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।










