
CRS NEWS raibareli : रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय का जन सम्मान समारोह में भव्य स्वागत किया गया। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी के बीच जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा परिसर फूलों की वर्षा और उत्साह के माहौल से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कैबिनेट मंत्री का पारंपरिक तुलादान रहा, जिसमें बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भाग लिया। समारोह में हजारों की संख्या में पहुंचे महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशाल जनसमर्थन का स्वरूप दिया। इस अवसर पर मंत्री ने जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां तथा पुरुषों को गमछे वितरित कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने सामाजिक एकता और समरसता पर जोर देते हुए कहा, “जाति छोटी होती है, जमात बड़ी होती है।” उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों का एक मंच पर आना प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्थापित सुशासन, विकास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है।
समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने तालियों और नारों के साथ अपने लोकप्रिय नेता का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों की सराहना की। पूरे आयोजन में जनसैलाब उमड़ा रहा और कार्यक्रम देर तक उत्साहपूर्ण माहौल में चलता रहा।










