पराली न जलाने के लिए किसानों को किया जागरूक, प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी।


शाहजहाँपुर। कृषि विज्ञान केंद्र शाहजहाँपुर में बुधवार को फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर जनपद स्तरीय जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण), उप कृषि निदेशक, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी एवं वैज्ञानिकों सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस का लाइव प्रसारण किया गया। जनपद के 3,85,406 किसानों के खातों में 77.08 करोड़ रुपये की धनराशि 24वीं किस्त के रूप में हस्तांतरित की गई।
गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल अवशेष यानी पराली न जलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से खेतों में मौजूद मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं और मिट्टी की उर्वरक क्षमता भी प्रभावित होती है। किसानों से पराली का उचित प्रबंधन करने की अपील की गई।
उप कृषि निदेशक ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा किसानों को सरसों एवं मसूर की मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह ने पराली प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन गांव-गांव जाकर किसानों को पराली न जलाने और इसके उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त प्राप्त करने वाले किसानों नीरज कुमार, सुशील कुमार, उपदेश कुमार, गीता देवी, दयापाल एवं राम कुमारी सहित अन्य किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं राम कुमारी, सुमित तिवारी, प्रमोद कुमार, गीता देवी एवं अरुण कुमार को निःशुल्क सरसों व मसूर की मिनीकिट वितरित की गई। कृषक कवलजीत सिंह एवं मंजीत कौर को अनुदान पर कृषि यंत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को पराली प्रबंधन अपनाने, पर्यावरण संरक्षण करने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने का संदेश दिया गया।






