शाहजहांपुर में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, छेना मिठाई का नमूना जांच के लिए भेजा।
दीपावली के मद्देनजर चलाया गया विशेष निरीक्षण अभियान, साफ-सफाई में कमी मिलने पर दो दुकानों को नोटिस।
शाहजहांपुर। दीपावली त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को अल्हागंज चौराहा स्थित मिठाई की दुकानों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी शाहजहांपुर के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, डॉ. विवेक वर्मा एवं मानवेन्द्र कुमार शामिल रहे।
अभियान के दौरान बाबा नीम करौली स्वीट हाउस, श्याम स्वीट हाउस, द्विवेदी स्वीट हाउस एवं स्वीट फूड वेंडर्स का सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अंकित करने तथा खाद्य रंगों का निर्धारित एवं उचित मात्रा में प्रयोग करने के संबंध में दुकानदारों को विशेष निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बाबा नीम करौली स्वीट हाउस से छेना मिठाई का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, श्याम स्वीट हाउस और द्विवेदी स्वीट हाउस में साफ-सफाई की कमियां पाए जाने पर दोनों दुकानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दीपावली त्योहार को ध्यान में रखते हुए मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।






