19 नवंबर से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 10 दिन में घर-घर खिलाई जाएगी दवा।

शाहजहांपुर। जनपद के ब्लॉक तिलहर में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आईडीए अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अंतर्विभागीय बैठक हुई।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (वीबीडीसी) ने बताया कि अभियान के दौरान प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम घर-घर जाकर पात्र लोगों को डीईसी, आइवरमेक्टिन और एल्बेंडाजोल की दवा खिलाएगी। अभियान 10 दिवसीय होगा और प्रत्येक दो सदस्यीय टीम को प्रतिदिन करीब 25 घरों में लगभग 125-130 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य दिया गया है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार लोगों को अभियान में दवा नहीं दी जाएगी। अन्य पात्र स्वस्थ व्यक्तियों को उम्र के अनुसार दवा की निर्धारित खुराक दी जाएगी। छूटे हुए लोगों को बाद में आशा कार्यकर्ता के घर पर दवा खिलाने की व्यवस्था भी रहेगी।
बैठक में अधिकारियों को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पंचायत भवनों, स्कूलों और राशन वितरण स्थलों पर जागरूकता सामग्री लगाने तथा प्रार्थना सभा और अभिभावक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को अभियान के दौरान संभावित प्रतिकूल प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में पंचायतीराज, शिक्षा, पूर्ति, बाल विकास, श्रम, दिव्यांगजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।







