
गंगा में नहाने गए चार युवकों पर टूटा कहर: तीन की मौत, एक की हालत गंभीर
रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र स्थित निसगर गंगा नदी घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रानीखेड़ा गांव के चार युवक नदी में नहा रहे थे, तभी एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन युवक भी नदी में कूद पड़े, लेकिन सभी पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों युवकों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां ईएमओ डॉक्टर मोहम्मद आसिफ ने हरिओम, हरिशंकर और सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य युवक का इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद रानीखेड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने और गहरे पानी से दूर रहने की अपील की है।










