रावण वध और पुतला दहन के साथ श्री जनता रामलीला मेले का हो गया भव्य समापन।


जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा तिलहर, राजतिलक के साथ संपन्न हुआ 48 वर्षों से आयोजित हो रहा रामलीला मेला।
तिलहर/शाहजहांपुर। नगर के पोटरगंज स्थित पुरानी गल्ला मंडी में श्री जनता रामलीला मेला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित भव्य रामलीला मेले का रावण वध, विशालकाय रावण के पुतला दहन और भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ भव्य समापन हो गया। रावण वध के मंचन के बाद जैसे ही विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया गया, पूरा मेला परिसर भगवान श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उत्सव का आनंद लिया।
गौरतलब है कि श्री जनता रामलीला मेला कमेटी के आयोजकत्व में पिछले 48 वर्षों से लगातार रामलीला मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी कमेटी द्वारा मेले का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें धार्मिक आयोजनों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया।
रावण दहन के उपरांत भगवान श्रीराम का विधिवत राजतिलक किया गया। राजतिलक के साथ ही रामलीला मेले के समापन की घोषणा हुई। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंड और दुकानदारों, कलाकारों एवं मीडिया कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भगवान श्रीराम का राजतिलक करने वालों में कमेटी संरक्षक रमाशंकर गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, हरीश गुप्ता, मनोज प्रबल गुप्ता, अध्यक्ष नीरज गुप्ता, महामंत्री पंकज गुप्ता, कमलेश गुप्ता पप्पू, मेला प्रभारी सौरभ गुप्ता रवि, सुशील बाबू गुप्ता, आयोजक नीलेश गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, विकास गुप्ता एवं हरिमोहन गुप्ता शामिल रहे।
इस प्रकार धार्मिक आस्था, उत्साह और उल्लास के बीच 48 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री जनता रामलीला मेले का सफलतापूर्वक समापन हुआ।






