151 पौधों के रोपण के साथ वन महोत्सव-2026 का भव्य शुभारम्भ।


शाहजहाँपुर। जनपद में वन महोत्सव-2026 का शुभारम्भ बुधवार को विकास खण्ड ददरौल के प्राथमिक विद्यालय राईखेड़ा में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान 151 छायादार, फलदार एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का रोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान रामपाल ने आम का पौधा लगाकर अधिक से अधिक देशी आम के पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए पोषण, छाया और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह केवल पौधा लगाए ही नहीं, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित भी करे। उन्होंने बताया कि वन विभाग इस वर्ष “आम भंडारा—आम बहार-आपके द्वार” जन-अभियान शुरू कर रहा है, जिसके माध्यम से गांवों, विद्यालयों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर देशी आम के पौधों का व्यापक रोपण एवं संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक देशी आम का पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की। उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने कदम्ब का पौधा रोपित कर विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य के पर्यावरण प्रहरी हैं।
कार्यक्रम के दौरान कंजी, जंगल जलेबी, आम, अमरूद, अकेशिया ऑरिकुलीफॉर्मिस एवं कदम्ब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पौधरोपण एवं संरक्षण अभियान में निरंतर सहयोग की अपील की। वहीं वन दरोगा सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियों, सिंचाई, सुरक्षा एवं रखरखाव की जानकारी दी। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, वन दरोगा, वन रक्षक, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।










